हर सलाह बहुत काम की


0

मेरे व्यक्तित्व पर
मेरे पिता की एक बहुत ही गहरी छाप है
जब से मैंने होश संभाला
मैंने उनकी हर कहीं बात को
बहुत ही ध्यानपूर्वक सुना और
आंख मूंदकर उनकी हर सलाह
छोटी या बड़ी का अनुसरण
एक धार्मिक अनुष्ठान की तरह किया और
उससे जीवन भर
लाभान्वित होती रही
मां बाप से बढ़कर आपका
शुभचिंतक इस दुनिया में
कोई दूसरा नहीं हो सकता
उनसे जितना जीवन का
अनुभव मिले या
किसी से भी
वह हमेशा अपनी झोली में
बटोर लेना चाहिए
आज जब मेरे मां बाप
भौतिक रूप से मेरे साथ
मौजूद नहीं है
तब भी उनकी गैर मौजूदगी में
उनकी आवाजें सुबह से
रात तक मेरे कानों में गूंजती
रहती हैं
सुबह जैसे ही मैं उठी
'गुड मॉर्निंग' कहकर मेरे दिन
की शुरुआत
बेटे दांतों को मांजते हुए
ब्रश बहुत ही हल्के से उन पर
घुमाना है
यह पंख के स्पर्श की तरह होना चाहिए अन्यथा
दांतों पर चढ़ा इनेमल
उतर जायेगा
चप्पल थोड़ी सी भी घिस जाये तो
उसे फौरन बदलो
जो कुछ भी शरीर पर धारण करो
जैसे वस्त्र, चप्पल, जूते आदि
वह आरामदायक होने चाहिए
कमीज का रंग लाल,
गुलाबी होना चाहिए
न कि नीला, काला
क्योंकि चेहरे पर उसका प्रतिबिंब
पड़ता है
खूब पढ़ो, खूब खेलो
पास हो गये तो ठीक
फेल हो गये तो ठीक
सफलता असफलता एक ही सिक्के के
दो पहलू होते हैं
घर के खूब काम करो
मेहमानों का दिल खोलकर स्वागत
करो
घूमो फिरो, खूब मस्ती करो
लेकिन एक शर्त पर कि
घर वालों को तुम्हारे ठौर ठिकाने का
पता होना चाहिए
कहीं जाओ तो हमेशा एक ही रास्ते
से नहीं
बदल बदल कर और
घर वालों को हमेशा बताकर
सूरज की पहली किरण के
निकलने से लेकर सूरज की
आखिरी किरण के डूबने तक
तुम कहीं भी जाओ
किसी को अपने घर बुलाओ
लेकिन अंधेरे में इधर उधर
मत घूमो
रात को किसी के घर मत रुको
कभी किसी पर एक सेकंड के
लिए भी भरोसा मत करो
यात्रा के दौरान
एक पड़ाव पार करने पर
अपने सकुशल होने की
जानकारी दो
अपने गंतव्य स्थान पर
पहुंचते ही जानकारी दो
टैक्सी, ऑटो जो भी
तय करो
उसकी जानकारी दो
टैक्सी न करके अकेले
होने पर ऑटो करो
उसका ड्राइवर बूढ़ा और
कमजोर होना चाहिए ताकि
आपातकाल में उसका मुकाबला
कर पाओ
ऑटो से बाहर की तरफ कूदना
भी आसान होता है
जो रास्ते आमतौर पर तय
करते हो
उस पर थोड़ी दूर पर तुम्हारा
कोई न कोई जानकार
होना चाहिए
जिंदगी में ख्याली पुलाव
मत पकाओ
हम सोचते कुछ हैं
हकीकत पर कुछ और ही
होती है
किसी भी बात की कभी कोई
चिंता मत करो जैसे कि
मेरा विवाह नहीं हुआ या
मेरी कोई सरकारी नौकरी नहीं है
अपने हर सपने का
खामोशी से एक या अधिक
व्यावहारिक प्रयोग करके देखो
कोई यही पायेगा कि
जीवन मन मुताबिक नहीं
मिल पाता
सलाहों की लिस्ट बहुत ही लंबी है लेकिन
हर सलाह बहुत
काम की
काश आज भी मेरे पापा
गर जो जीवित होते तो
कुछ न कुछ अच्छा ही समझा
रहे होते
जीने के तरीके मुफ्त में
सीखा रहे होते
मेरा हौसला जो उनके बिना
अब गिरता सा लगता है को
बढ़ा रहे होते।


Like it? Share with your friends!

0

0 Comments

Choose A Format
Story
Formatted Text with Embeds and Visuals