यह जीवन जो मिला है
उसको चलाने के लिए
कुछ नियम स्वयं भी निर्मित करने होते हैं किसी भी नियम का उद्देश्य मात्र
इतना भर है कि
यह जीवन रूपी गाड़ी
जीवन की पटरी पर
सरलता से
सुगमता से
सहजता से
सबको साथ लिए
अपने गंतव्य स्थान की ओर
एक बर्फ की डली सी ही
फिसलती हुई
प्रस्थान करे
रास्ते में कोई बाधा उत्पन्न हो तो
उसे तत्काल प्रभाव से दूर करने की कोशिश करें
कोई दुविधा हो तो
उसे सुविधा में बदलने का प्रयास करें कोई अड़चन आड़े आये तो
अपनी अक्ल के खिड़की दरवाजे
खोलें और
तुरंत ही उसका समाधान खोजें
कोई नियम बना लें और
उसका सख्ती से पालन
नहीं भी कर पाये तो
चिंता की आवश्यकता नहीं
थोड़ा इधर उधर कभी कभार हो
जाये तो
खुद में आवश्यक सुधार
करें और आगे बढ़ें
व्यर्थ की चिंता की चिता में
खुद को कदापि न झोंके
सुबह उठना स्वास्थ्य के लिए
लाभप्रद है
यह एक नियम हो सकता है लेकिन किसी कारणवश
थोड़ा देर से भी उठ गये तो
कोई आसमान नहीं फट गया यानी नियमों का अनुसरण करने की
निरंतर कोशिश जारी रखनी चाहिए
बहुत अधिक अनुशासन भी
जिंदगी की मौज मस्ती लुत्फ को
लगभग खत्म सा ही कर देता है
जो भी नियम हों वह खुद के लिए
और सबके लिए लाभप्रद होने चाहिए किसी भी तरह से हानिकारक न हों इसका विशेष ख्याल रखा जाना
चाहिए
किसी को तकलीफ न पहुंचाते हुए
एक बिंदास जीवन जियें
सामने वाले को गर आपसे
शिकायतें कम है
इसका सीधा मतलब है कि
आप एक अच्छे व्यक्ति हैं और
हमारे समाज में प्रचलित नियमों का पालन करते हैं
एक बात जो सबसे महत्वपूर्ण है
वह यह कि
आपके बनाये कुछ विशेष नियम
सिर्फ और सिर्फ
आपके हैं
उन्हें दूसरों से साझा करें
लेकिन
किसी पर उन्हें जबरदस्ती
थोपने की भूल कदापि न करें।
0 Comments